आयुष विभाग के चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह, वरिष्ठजनों को योग और प्राणायाम के बताए फायदे
शिवपुरी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत गुरुवार को मंगलम वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं योग सत्र का आयोजन किया गया। आयुष विभाग शिवपुरी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बुजुर्गों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श, आयुष उपचार और विभिन्न थेरेपी का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में जोड़ों एवं मांसपेशियों की जकड़न, शारीरिक दर्द, चलने-फिरने में परेशानी, तनाव और नींद संबंधी समस्याओं को लेकर चिकित्सकों ने वरिष्ठजनों को आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही उनकी उम्र और स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त आयुष उपचार एवं थेरेपी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों के लिए सरल एवं सुरक्षित योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम, श्वसन अभ्यास और विश्राम तकनीकों पर आधारित विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। इसके माध्यम से बुजुर्गों को नियमित योगाभ्यास के जरिए शारीरिक सक्रियता बनाए रखने और मानसिक तनाव कम करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आयुष विभाग की ओर से आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. शालिनी पाराशर, आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल, होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल दंडोतिया एवं डॉ. संध्या जैन, सरिता माहौर तथा दवासाज घनश्याम जाटव और राजेश खरे उपस्थित रहे।
वहीं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से सामाजिक सुरक्षा अधिकारी लवकेश पाराशर एवं उदयेंद्र राजपूत मौजूद रहे।
Tags
Shivpuri