जिला अभिभाषक संघ सभागार में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, विधिक साक्षरता शिविर भी आयोजित
शिवपुरी। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को जिला अभिभाषक संघ शिवपुरी के सभागार में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सोनी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया ने उपस्थितजनों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया।
कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति आमजन एवं न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना और संवैधानिक नियमों का पालन करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश अशोक कुमार शर्मा, प्रथम जिला न्यायाधीश संजय श्रीवास्तव, पंचम जिला न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह, षष्ठम जिला न्यायाधीश राजीव राव गौतम, तृतीय जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रंजना चतुर्वेदी सहित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रीति परिहार, प्रत्यक्षा कुलेश एवं धर्मवीर सिंह राठौर उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष विजय तिवारी, अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Tags
Shivpuri