सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ था मामला, चार युवकों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की थी एफआईआर; एक आरोपी अब भी फरार
शिवपुरी। शहर के विष्णु मंदिर के पास दो युवतियों के साथ छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट करने के मामले में फिजिकल थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। इसमें कुछ युवक विष्णु मंदिर के पास दो युवतियों के साथ मारपीट करते और उनके बाल पकड़कर झगड़ा करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ अपराध क्रमांक 236/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारी फिजिकल निरीक्षक अविनाश राठौड़ को दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने 26 अक्टूबर को एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी शहर छोड़कर फरार हो गए थे। इसी क्रम में पुलिस ने सोमवार 2 नवंबर को दूसरे आरोपी बृजमोहन गुर्जर (32), पुत्र सोवरन गुर्जर, निवासी लुधावली, थाना देहात, शिवपुरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags
Shivpuri