नई दिल्ली- जैन मुनि और राष्ट्र संत तरुण सागर जी महाराज (51) नहीं रहे। उन्होंने शनिवार सुबह 3:18 बजे दिल्ली में अंतिम सांस ली। वे कुछ समय से बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम तीन बजे यहां तरुणसागरम में किया जाएगा। अंतिम यात्रा राधेपुरी से शुरू हो रही है। तरुण सागर को करीब तीन हफ्ते पहले पीलिया हो गया था। इसके बाद उन्हें यहां मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य सुधरता ना देख उन्होंने इलाज कराना बंद कर दिया था और चातुर्मास स्थल पर जाने का निर्णय लिया था। गुरुवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ी। इसके बाद उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया था।
विधानसभाओं में दिए थे प्रवचन- दिल्ली जैन समाज के कार्यकर्ता रमेश चंद्र जैन ने बताया, ‘‘तरुण सागर जी अपने कड़वे प्रवचनों के लिए प्रसिद्ध हैं। इसी वजह से उन्हें क्रांतिकारी संत भी कहा जाता है। वहीं, कड़वे प्रवचन नामक उनकी पुस्तक काफी प्रचलित है। समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करने में उन्होंने काफी प्रयास किए हैं।मुनिश्री मध्यप्रदेश और हरियाणा विधानसभा में प्रवचन भी दे चुके हैं। हरियाणा विधानसभा में उनके प्रवचन पर काफी विवाद हुआ था, जिसके बाद संगीतकार विशाल ददलानी की टिप्पणी पर बवाल हुआ था। तब विशाल को माफी मांगनी पड़ी थी। तरुण सागर जी को मध्यप्रदेश सरकार ने 6 फरवरी 2002 को राजकीय अतिथि का दर्जा दिया था।
छत्तीसगढ़ में ली थी दीक्षा : तरुण सागर जी महाराज का मूल नाम पवन कुमार जैन है। उनका जन्म दमोह (मध्यप्रदेश) के गांव गुहजी में 26 जून, 1967 को हुआ। मुनिश्री ने 8 मार्च 1981 को घर छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ में दीक्षा ली।
संलेखना : जैन धर्म के मुताबिक, मृत्यु को समीप देखकर धीरे-धीरे खानपान त्याग देने को संथारा या संलेखना (मृत्यु तक उपवास) कहा जाता है। इसे जीवन की अंतिम साधना भी माना जाता है। राजस्थान हाईकोर्ट ने 2015 में इसे आत्महत्या जैसा बताते हुए उसे भारतीय दंड संहिता 306 और 309 के तहत दंडनीय बताया था।दिगंबर जैन परिषद ने हाईकोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी थी। दिल्ली स्थित लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत विद्यापीठ के प्रोफेसर वीर सागर जैन ने बताया कि संथारा की प्रक्रिया 12 साल तक भी चल सकती है। यह जैन समाज की आस्था का विषय है, जिसे मोक्ष पाने का रास्ता माना जाता है।