कैंसर से तंग आकर भाजपा नेता चंबल नदी में कूदा, सुसाइड नोट छोड़ा, भाइयों से माफी मांगी और कहा- मेरे बेटे का ध्यान रखना

मुरैना जिले के भाजपा के नेता नरेश गुप्ता चंबल में कूद गए। उनका स्कूटर नए राजघाट पुल के पास राजस्थान की सीमा में खड़ा हुआ मिला है।

मुरैना. मुरैना में कैंसर से तंग आकर एक भाजपा नेता ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। करीब 4 बार जिला भाजपा महामंत्री रहे नरेश गुप्ता ने कूदने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है। इसमें उन्होंने अपने भाइयों से माफी मांगी है। साथ ही अपने इकलौते बेटे का ध्यान रखने का आग्रह भी किया है। गुप्ता ने लिखा है कि वह कैंसर ठीक न होने से परेशान हैं। चंबल नदी में गुप्ता को ढूंढने के लिए मोटर बोट से गोताखोर लगाए गए हैं और रेस्क्यू चल रहा है। 
घटनास्थल यानि पुल पर ही उनकी स्कूटी खड़ी मिली, जिसके अंदर से 2 पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने कैंसर से हो रहे कष्ट का जिक्र किया है। बुधवार सुबह 9 बजे से राजस्थान पुलिस ने मोटर बोट की मदद से उनके शव की तलाश शुरू की, जो बुधवार शाम तक भी नहीं मिला है। धौलपुर की सागरपाड़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
राजस्थान के भरतपुर से गोताखोरों को बुलाया गया है। नरेश गुप्ता को ढूंढा जा रहा है।  
जानकारी के अनुसार, भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश गुप्ता एडवोकेट निवासी नैनागढ़ रोड मंगलवार की रात 10-11 बजे के बीच स्कूटी से चंबल पुल पर पहुंचे और धौलपुर की ओर पुल के बीच रैलिंग से नदी में छलांग लगा दी। सुबह उनकी लावारिश स्कूटी के इंजन-चेसिस नंबर से राजस्थान पुलिस ने मुरैना पुलिस को सूचना दी तब उनके परिजन को घटना का पता चला। गुप्ता लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थी और दिल्ली-ग्वालियर में इलाज कराने के बाद भी उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ। 
भाजपा नेता नरेश गुप्ता का स्कूटर चंबल राजघाट पुल की राजस्थान की सीमा में खड़ा मिला है। 
दुर्घटना में हुई थी पत्नी की मौत
नरेश गुप्ता की पत्नी की मौत भी करीब चार साल पहले हो चुकी थी। तब नरेश गुप्ता हाईवे स्थित एक मंदिर से पत्नी के साथ घर आ रहे थे, तभी ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में पत्नी के मारे जाने के बाद गुप्ता परेशान चल रहे थे। राजस्थान के भरतपुर जिले से बुलाए गए गोताखोर और सरायछौला थाना पुलिस नदी में नरेश गुप्ता को ढूंढ रही है। शहर के कई व्यापारी और भाजपा के सैकड़ों लोग चंबल पुल पर पहुंच गए थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म