लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये एक लाख की घूस लेते एमपीईबी के इंजीनियर को दबोचा है। आरोपी इंजीनियर एक प्लाट के ऊपर से जा रही 11 केवी की लाइन को हटवाने के एवज में रिश्वत की राशि ले रहा था। पुलिस ने आरोपी इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक सागर लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता प्रभारी सहायक अभियंता एमपीईबी मिलन परतेती को एक लाख की रिश्वत लेते पकड़ा है। उन्होंने बताया कि नगर मकरोनिया सागर में रहने वाले रामकुमार पटेल ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके प्लाट के ऊपर से जा रही 11 केवी की लाइन को हटवाने के लिए सहायक अभियंता मिलन परतेती को पत्र दिया था। जिसके एवज में मिलन परतेती ने डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत की जांच पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा ने करवाई तो शिकायत सही पाई गई। शनिवार को योजनानुसार रामकुमार पटेल ने एमपीईबी आफिस पावर हाऊस शहर में जैसे ही रिश्वत की राशि एक लाख रूपये आरोपी सहायक अभियंता मिलन परतेती को दी तो पहले से तैनात लोकायुक्त पुलिस की टीम ने उसे धर दबोचा। ट्रैपकर्ता टीम में निरीक्षक रोशनी जैन, निरीक्षक कमल सिंह उइके शामिल थे।
Tags
Sagar