अभियान को सफल बनाने माइक्रो प्लानिंग के कलेक्टर ने दिए निर्देश
शिवपुरी - शिवपुरी जिले में 17 सितम्बर से 21 अक्टूबर 2025 तक प्रारंभ होने जा रहे स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। जिसमें अभियान की माइक्रो प्लानिंग करने व अन्तर्विभागीय समन्वय कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश कलेक्टर शिवपुरी द्वारा दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत विभाग के अलावा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने निर्देश देते हुए कहा कि अभियान से जुडे सभी विभाग आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाएं। एनयूएलएम, आंगनवाडी, स्कूल शिक्षा विभाग का अपेक्षित सहयोग प्राप्त करें। हर स्वास्थ्य संस्था पर माइक्रो प्लान के अनुसार स्वास्थ्य शिविर आयोजित करें। शिविरों में आवश्यक प्रबंधों की चिंता करते हुए पहले से प्लान तैयार करें। शिविरों का प्रचार प्रसार आसपास के क्षेत्रों में किया जाए। शहरी क्षेत्रों में नगर पालिका के कचरा वाहन से प्रचार कराएं। वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन करें। प्रतिदिन रक्तदान शिविर हो जिसका शुभारंभ 17 तारीख से किया जाए। शासकीय विभागों के कर्मचारी भी बड चढ कर रक्तदान में भागीदारी करें। अभियान के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में एक्सरे किए जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय ऋषीश्वर ने बताया कि 17 सितम्बर 2025 को जिले में स्वस्थ नारी सशक्त अभियान का शुभारंभ होने जा रहा है। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी सर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। सीएमएचओ डॉ संजय ऋषीश्वर द्वारा बताया गया कि अभियान के दौरान विकलांग शिविर, सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य, वृद्ध जनों का स्वास्थ्य परीक्षण, डीवीटी, समग्र आईडी का निर्माण व सुधार के साथ एक पेड़ मॉ के नाम भी लगाए जाऐंगे। बैठक में जिला टीकाकरण कार्यक्रम एवं डी वार्मिंग डे कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई।
Tags
shivpuri