गाड़ियों के स्टॉपेज सहित यात्री सुविधाएं बढ़ाने हेतु रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने भेजे मांगपत्र
दिनेश झा बदरवास - नगर के रेलवे स्टेशन पर कई वर्षों से उज्जैनी एक्सप्रेस, योगनगरी एक्सप्रेस,बांद्रा एक्सप्रेस सहित अन्य लंबी दूरी की गाड़ियों के स्टॉपेज की मांग की जा रही है लेकिन लगातार मांग के बावजूद अभी तक इन गाड़ियों का ठहराव बदरवास स्टेशन पर नहीं किया गया है जिससे इन ट्रेनों का लाभ बदरवास क्षेत्र के यात्रियों को नहीं मिल पा रहा है। रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने केंद्रीय संचार मंत्री, केंद्रीय रेल मंत्री,अध्यक्ष रेलवे बोर्ड,जीएम,डीआरएम को मांगपत्र भेजकर बदरवास स्टेशन पर इन ट्रेनों के स्टॉपेज करने सहित अन्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी देते हुए रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी ने बताया कि बदरवास रेलवे स्टेशन पर इंदौर–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस,झांसी–बांद्रा एक्सप्रेस,अमृतसर एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग समिति द्वारा कई वर्षों से लगातार की जा रही।उज्जैनी एक्सप्रेस और योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस के स्टॉपेज से धार्मिक स्थल हरिद्वार,ऋषिकेश,उज्जैन,मथुरा सहित राजधानी दिल्ली जाने की सुविधा होगी साथ ही मुंबई अमृतसर,बैंगलोर जाने के लिए झांसी–बांद्रा एक्सप्रेस, अमृतसर एक्सप्रेस एवं ग्वालियर–बंगलौर एक्सप्रेस का स्टॉपेज बदरवास स्टेशन पर बहुत आवश्यक है क्योंकि इन स्थानों के लिए धार्मिक यात्रा के साथ साथ चिकित्सा, व्यापार,नौकरी,शिक्षा हेतु लोगों का आना जाना लगातार बना रहता है।
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी,मनीष बैरागी,कपिल परिहार ने बताया कि इन गाड़ियों का बदरवास स्टेशन पर स्टॉपेज न होने से क्षेत्र के यात्रियों को इनमें बैठने के लिए पचास किलोमीटर दूर शिवपुरी,गुना जाना पड़ता है। स्टॉपेज न होने से क्षेत्रीय यात्रियों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मांगपत्र में शामिल अन्य मांगें: दूसरे प्लेटफार्म,रिजर्वेशन काउंटर सहित नई गाड़ियां चलें
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के मांगपत्र में गाड़ियों के स्टॉपेज करने सहित अन्य कई और सुविधाओं बढ़ाने की मांग भी की गई है।
(1) बदरवास स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया जाए।
(2) स्टेशन पर टिकिट रिजर्वेशन काउंटर और आरपीएफ आउट पोस्ट शुरू हो।
(3) बदरवास स्टेशन पर दूसरा प्लेटफार्म और फुट ओवर ब्रिज बनाया जाए जिससे एक समय में दो ट्रेनों के आने से यात्रियों को असुविधा न हो।
(4) प्लेटफार्म पर बड़ा और लंबा टीनशेड लगाया जाए जिससे यात्रियों को धूप और बारिश में असुविधा न हो। साथ ही पूरे प्लेटफार्म पर बैठने हेतु बेंच लगाई जाएं।
(5) इंदौर–ऊना हिमाचल एक्सप्रेस को प्रतिदिन,दौंड एक्सप्रेस और उधना–बनारस एक्सप्रेस को सप्ताह में चार दिन चलाया जाए।
(6) दिन के समय ग्वालियर से इंदौर और इंदौर से ग्वालियर ट्रेन शुरू हो साथ ही गुना ग्वालियर के बीच मेमू ट्रेन चलाई जाए।
(7) कोटा–इटावा ट्रेन को जयपुर या उदयपुर से कानपुर तक तथा ग्वालियर–बीना पैसेंजर को कटनी,जबलपुर तक बढ़ाया जाए।
(8) मालवा एक्सप्रेस, इंदौर बरेली एक्सप्रेस,ओखा गोरखपुर एक्सप्रेस,सूरत मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस को गुना,शिवपुरी होकर चलाए जाए।
(9) क्षेत्रीय यात्रियों के सुविधार्थ इंदौर से प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या तथा इंदौर से दिल्ली के लिए नई ट्रेन वंदे भारत या शताब्दी एक्सप्रेस शिवपुरी गुना होकर चलाई जाए।
(10) पूरा रेलवे ट्रैक इलेक्ट्रिक होने के बाद भी ट्रेनों के यात्रा समय में कमी नहीं हुई है अतः गुना ग्वालियर रूट पर ट्रेनों की स्पीड बढ़ाकर यात्रा के समय में कमी की जाए।
(11) ग्वालियर भोपाल इंटरसिटी में से हटाए गए सेकंड सिटिंग कोच पुनः जोड़े जाएं।
(12) लुकवासा स्टेशन को क्रासिंग स्टेशन बनाकर यहां ट्रेनों के स्टॉपेज किए जाएं।
