शासन की उपलब्धियों और जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचायेगा यह अभियान : नेहा यादव
शिवपुरी - स्वामी विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार मप्र जन अभियान परिषद के द्वारा संपूर्ण प्रदेश में चलाये जाने वाले ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नेहा यादव जिला पंचायत अध्यक्ष शिवपुरी, विशिष्ट अतिथि एम के भार्गव वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र, प्रो दिग्विजय सिंह सिकरवार प्राध्यापक विधि विभाग लॉ कॉलेज शिवपुरी, अजय तिवारी प्रबंधक उद्योग विभाग, कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन श्रीवास्तव प्राचार्य शासकीय पीजी कॉलेज शिवपुरी, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक डॉ रीना शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं विवेकानंद जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा कि हमारा देश बदलाव के दौर से गुजर रहा है। हर तरफ विकास की बयार है। गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी और विकास कार्यक्रमों का लाभ पहुंच रहा है। गांव और ग्रामीण ही देश के विकास की धुरी हैं। इनकी मजबूती में ही देश की मजबूती है। मप्र जन अभियान परिषद शासन और समाज के बीच एक सेतु की भूमिका में है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में जन अभियान परिषद का योगदान सराहनीय है।
प्रो दिग्विजय सिंह सिकरवार ने कहा कि गांव ही हमारी आत्मा है और हमें मिलजुलकर इसे मजबूत बनाना है। इस अभियान का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय दर्शन को दुनिया तक पहुंचाया। इसी प्रकार हम सभी को विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित ऊर्जावान युवाओं की भांति अपने ग्राम,प्रदेश व राष्ट्र को उच्च शिखर पर ले जाने में अपनी भूमिका का निर्वहन करना है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एम के भार्गव ने बताया कि भारत कृषि प्रधान देश है। जिसका आधार ग्राम है, यदि कृषि में नवाचार आता है तो हमारे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। आज की जरूरत प्राकृतिक एवं जैविक कृषि को बढ़ावा देना है।हम सभी को इस पर कार्य करने की आवश्यकता है।
जिला समन्वयक डॉ रीना शर्मा ने बताया कि मप्र जन अभियान परिषद् सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यक्रमों को गांव-गांव तक लेकर जाएंगे और ग्राम विकास के सरकार के लक्ष्य को पूरा करने, ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगा। इस अभियान के जरिए परिषद् की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के सभी विद्यार्थी एवं परामर्शदाता, परिषद से जुड़ी स्वैच्छिक संस्थाएं, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा भी सहभागिता की जायेगी। उन्होंने बताया कि अभियान अंतर्गत ग्राम विकास पखवाड़ा में जिला, विकासखंड, सेक्टर एवं ग्राम पंचायत स्तरीय आयोजन ग्रामोत्सव के रूप संपन्न होगा।
कार्यक्रम में वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए युवाजनों में स्वदेशी के भाव को विकसित करने की दृष्टि से स्वदेशी शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक शिवपुरी शिशुपाल सिंह जादौन एवं आभार प्रदर्शन विकासखंड समन्वयक नरवर महेश कुमार परिहार ने किया।

