शिवपुरी- आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मई माह से प्रारंभ होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शा. श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शिवपुरी में फील्ड ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना जैसे व्यापक एवं महत्वपूर्ण कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि चार्ज अधिकारी स्तर से चयनित फील्ड ट्रेनर्स की प्रथम बैच का प्रशिक्षण 24 से 26 मार्च 2026 तक आयोजित किया गया है उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात यही फील्ड ट्रेनर्स जिले के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे संपूर्ण प्रक्रिया में एकरूपता एवं सटीकता सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को घर-घर जाकर मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, भवन एवं जनगणना मकान की पहचान, परिवार की परिभाषा तथा आवासीय एवं गैर-आवासीय संरचनाओं के वर्गीकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इसके अतिरिक्त जनगणना अधिनियम एवं संबंधित नियमों की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जनगणना जिला प्रभारी पीयूष पवार एवं मास्टर ट्रेनर जयप्रकाश श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे। प्रथम बैच में जिले के 32 फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं, जिन्हें प्रायोगिक सत्रों के माध्यम से भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।
Tags
shivpuri
