शिवपुरी - विद्या भारती मध्यभारत प्रांत द्वारा आयोजित प्रांतीय प्राचार्य/प्रधानाचार्य योजना बैठक–2026 का भव्य शुभारंभ सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय, शिवपुरी (म.प्र.) में संपन्न हुआ यह चार दिवसीय बैठक 09 अप्रैल से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम का प्रारंभ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ प्रांत के विभिन्न जिलों से आए प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष ऊर्जा प्रदान की।
उद्घाटन सत्र में मंच पर विद्या भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिसमें मुख्य अतिथि भालचंद्र रावले (क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य, मध्य क्षेत्र), मोहनलाल गुप्ता (प्रांतीय अध्यक्ष, विद्या भारती मध्यभारत प्रांत), बनवारीलाल सक्सेना (अध्यक्ष, भाऊराव देवरास सेवा न्यास), निखिलेश महेश्वरी (प्रांत संगठन मंत्री), एवं डॉ. रामकुमार जी भावसार (प्रांत प्रमुख) रहे।
डॉ. रामकुमार भावसार ने बैठक की भूमिका प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्य, आवश्यकता एवं आगामी कार्यदिशा पर प्रकाश डाला उन्होंने बताया इस महत्वपूर्ण बैठक में गत शैक्षणिक सत्र की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी तथा विभिन्न आयामों में प्राप्त उपलब्धियों एवं चुनौतियों का विश्लेषण किया जाएगा साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रभावी, व्यवहारिक एवं परिणामोन्मुखी कार्ययोजना तैयार करने हेतु प्रांत के समस्त कार्यकर्ता सामूहिक रूप से मंथन करेंगे संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि भालचंद्र रावले जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस उद्देश्य के लिए विद्या भारती संगठन का कार्य प्रारंभ हुआ था, वह आज किस स्थिति में पहुँचा है - इसका मूल्यांकन करना अत्यंत आवश्यक है इसी दृष्टि से प्रत्येक वर्ष इस प्रकार की योजना बैठकों का आयोजन किया जाता है उन्होंने कहा कि आचार्य का दायित्व केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की स्थिति एवं परिस्थिति को समझते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर कार्य करना है आचार्य अपने आचरण एवं संस्कारों के माध्यम से राष्ट्रोत्थान के लिए समर्पित, सजग एवं संस्कारित पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह बैठक केवल योजना निर्माण तक सीमित न होकर शिक्षा को संस्कार, गुणवत्ता एवं नवाचार से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है विद्या भारती का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है और यह आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा इस बैठक के माध्यम से शिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं को नवीन दृष्टिकोण, ऊर्जा एवं कार्य के प्रति प्रेरणा प्राप्त होगी।
वार्षिक कार्यवृत्त पुस्तिका का विमोचन
इस अवसर पर सह प्रांत प्रमुख दीपक चंदेवा ने प्रांत की वार्षिक कार्यवृत्त पुस्तिका का विधिवत विमोचन अतिथियों द्वारा संपन्न कराया इस पुस्तिका में वर्ष भर संचालित विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया है, जिसमें तुलनात्मक अध्ययन के माध्यम से कार्य की प्रगति का विश्लेषण भी सम्मिलित है साथ ही आगामी कार्य की दृष्टि से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, जो संगठन के भविष्य की दिशा को सुनिश्चित करते हैं।
प्रांतीय प्राचार्य/प्रधानाचार्य योजना बैठक–2026 का शुभारंभ उत्साह, अनुशासन एवं सकारात्मक संकल्प के साथ हुआ। आगामी दिनों में विभिन्न सत्रों, कार्यशालाओं एवं समूह चर्चा के माध्यम से ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जो आने वाले सत्र में संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में सहायक होगी।
