Shivpuri - जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी में संविदा वाहन चालक पद हेतु आवेदन आमंत्रित





शिवपुरी - कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के पालन में बहुउपयोगी वाहन के लिये संविदा वाहन चालक 01 पद की नियुक्ति हेतु संविदा आधार पर 02 वर्ष के लिये ऑफलाईन आवेदन आमंत्रित किये जाते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 अप्रैल 2026 है।

जिसके लिये सेवा शर्तों में पद का नाम संविदा ड्राईवर (वाहन चालक), शैक्षणिक अर्हता न्यूनतम 10वीं पास, अन्य अर्हतायें भारत का नागरिक हो, 01 जनवरी 2026 को आयु 18 वर्ष पूर्ण कर चुका हो, वैद्य ड्रायविंग लायसेंस हो, समस्त प्रकार के वाहन चलाने का अनुभव हो, मैकेनिकल योग्यता वाले को प्राथमिकता दी जाएगी। वेतनमान 12 हजार रूपए रहेगा। 

इसके साथ ही वाहन चालक की भर्ती मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण अधिकारी एवं कर्मचारी (भर्ती एवं सेवा शर्तें) नियम 2009 के नियम 6(2) के अंतर्गत निर्धारित योग्यता एवं शर्तों के अनुसार की जाएगी। यह संविदा नियुक्ति हेतु अनुबंध प्रारंभ में 02 वर्ष की अवधि के लिये होगा, जिसे संतोषजनक प्रदर्शन, अच्छे आचरण और निरंतरता की आवश्यकता के आधार पर तत्पश्चात् एक वर्ष के लिये बढ़ाया जा सकेगा संविदा अवधि के पश्चात् नियमित नियुक्ति या निरंतर सेवा का कोई अधिकार प्राप्त नहीं होगा। 

संविदा चालक की सेवायें संतोषजनक न पाये जाने या अन्य प्रशासनिक स्थिति में सक्षम अधिकारी द्वारा किसी भी समय बिना कारण बताये एक माह का नोटिस देकर समाप्त की जा सकेगी संविदा वाहन चालक भी एक माह का पूर्व नोटिस देकर या एक माह के वेतन के बराबर राशि जमा किया जाकर त्यागपत्र दे सकेगा। 

संविदा चालक के कार्यों की समीक्षा समय-समय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा और संतोषजनक प्रदर्शन न किये जाने तथा अनुशासन के अनुरूप न पाये जाने पर अनुबंध की निरंतरता या विस्तार किये जाने के संबंध में विचार किया जा सकेगा। संविदा चालक को एक कलेण्डर वर्ष में 13 दिवस के आकस्मिक अवकाश की पात्रता होगी। 

आवेदन का प्रारूप जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी कार्यालय से तथा जिला न्यायालय, शिवपुरी की वेबसाईट https://shivpuri.dcourts.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं। 

अन्य किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला शिवपुरी में उपस्थित होकर संपर्क कर सकते हैं आवेदन कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शिवपुरी में अंतिम तिथि 28 अप्रैल 2026 को सायं 5 बजे तक जमा कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म