शिवपुरी - शिवपुरी जिले में नशीले पदार्थों की रोकथाम और युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित नारकोटिक्स एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम हेतु गठित समिति की बैठक में नशा मुक्ति अभियान को लेकर व्यापक चर्चा की गई है बैठक में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया भी उपस्थित रहीं।
15 जुलाई से शुरू होगा व्यापक नशा मुक्ति अभियान
कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि आगामी 15 जुलाई से जिले में विशेष नशा मुक्ति अभियान का संचालन किया जाएगा इस अभियान के तहत शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना और विशेषकर युवा वर्ग को इसके दुष्प्रभावों से बचाना है।
स्कूलों के आसपास सख्त निगरानी
बैठक में कलेक्टर वर्मा ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थाओं, स्कूलों के आसपास किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों, धूम्रपान उत्पादों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूलों के निकट संचालित ऐसी दुकानों को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
युवाओं को जागरूक करने पर जोर
शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों में नियमित अंतराल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं इन सत्रों में बच्चों को नशीले पदार्थों के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि वे भविष्य में नशे की प्रवृत्ति से दूर रहें।
अधिकारियों को कार्ययोजना के निर्देश
सामाजिक न्याय एवं पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से जिले में नशा मुक्ति के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों का समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि वहां व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप रहें।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य बिगाड़ता है, बल्कि पूरे समाज को खोखला करता है उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इस अभियान के प्रति पूर्ण सक्रियता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए हैं।
Tags
Shivpuri