शिवपुरी - राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देसानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर शासकीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति बालक छात्रावास शिवपुरी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में उपस्थित छात्रों को लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिवपुरी के असिस्टेंट नुपुर राठौर के द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा संचालित डीएडब्ल्यूएन (ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन- नशा-मुक्त भारत के लिए) योजना 2025 के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है तथा परिवार और समाज पर इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है।
युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वास्थ्य जीवन शैली अपनाने तथा समाज में नशे के प्रति जनजागरूकता फैलाने का आव्हान किया गया कार्यक्रम के दौरान एनडीपीएस एक्ट के प्रमुख प्रावधानों, निशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता, नशा ग्रस्त व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं तथा नालसा की डीएडब्ल्यूएन योजना के उद्देश्य की जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रेरणादायक वीडियो एवं लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया साथ ही लोकोपयोगी सेवाओं के लिए गठित स्थाई लोक अदालत में रखे जाने वाले प्रकरणों की जानकारी प्रदान की गयी तथा शासन के विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जाने वाली लोक सेवाओं की जानकारी प्रदान की गयी।
यदि इन सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी परिलक्षित होती है तो उसकी पूर्ति के लिए स्थाई लोक अदालत के समक्ष प्रकरण पेश किया जा सकता है कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु नशे से दूर रहने एवं समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ली।
Tags
Shivpuri