सर्वेश राजपूत कोलारस - शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के लुकवासा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले NH-46 लुकवासा बाईपास पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया गुना से शिवपुरी की ओर आ रहा डीजल से भरा एक अनियंत्रित टैंकर मीडियन पर पलट गया जिसे 4 से 5 घण्टे के बाद क्रेन की मदद से उठाया गया।
इस दुर्घटना में टैंकर का चालक और स्टाफ गंभीर रूप से घायल हो गए हैं हादसे के बाद जहां एक तरफ मानवता दिखाते हुए राहगीरों ने घायलों की मदद की वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग बहते डीजल को बटोरने में जुट गए।
कैबिन में फंसे थे घायल, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कैबिन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। हादसे में घायल चालक पवन को पहले कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बाल्टी और डिब्बे लेकर दौड़े ग्रामीण, मच गई होड़
दुर्घटना के कुछ ही देर बाद घटनास्थल पर अजीब नजारा देखने को मिला। टैंकर से सड़क पर बह रहे डीजल को भरने के लिए आसपास के ग्रामीण बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर जमा हो गए। सड़क पर बह रहे ईंधन को लूटने के लिए लोगों में होड़ सी मच गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, बिना कंपनी का निकला टैंकर
सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को टैंकर से दूर हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है और उसे हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई।
खास बात यह है कि शुरुआती जांच में यह टैंकर किसी भी ऑइल कंपनी का नहीं बताया जा रहा है इस वजह से टैंकर में भरे भारी मात्रा में डीजल को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं फिलहाल, लुकवासा चौकी पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है।
लुकवासा बाईपास पर सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक तेज रफ्तार डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया था करीब 4 से 5 घँटे बाद पलटे हुए टैंकर को क्रेन की मदद से हटाने के बाद भारी संख्या में लोग बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर डीजल भरने टूट पड़े।
