कार सवार बदमाशों ने 5-7 राउंड किए फायर, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दूध बेचने जा रहे एक युवक पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने 5 से 7 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां युवक के पैर में लगीं एक 315 बोर की गोली अभी भी उसके पैर में फंसी हुई है गंभीर रूप से घायल युवक को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान धबारा गांव निवासी राम गजेंद्र गुर्जर के रूप में हुई है राम गजेंद्र ने बताया कि वह रोज की तरह दूध बेचने जा रहा था तभी काली स्कॉर्पियो में सवार 3 से 4 बदमाश उसके पास पहुंचे और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी गोलियां लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो आरोपियों की पहचान, पुराने विवाद की भी जांच
घायल युवक ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार दो आरोपियों को वह पहचानता है उनकी पहचान ग्वालियर जिले के पुरा गांव निवासी नरेंद्र गुर्जर और राहुल गुर्जर के रूप में हुई है अन्य दो बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले घायल और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस इस पुराने विवाद को भी हमले की एक संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर ग्वालियर जिले के पुरा गांव निवासी नरेंद्र गुर्जर, राहुल गुर्जर और एक अन्य अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
Tags
Shivpuri