जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम, आशीर्वाद का दिया से होगी शुरुआत - Shivpuri


सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली बैठक

शिवपुरी - प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एसडीम, जनपद सीईओ और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक जनभागीदारी के साथ सेवा, जनकल्याण और राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। “सेवा से संकल्प अभियान” के तहत विकसित भारत के निर्माण के लिये विकसित मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प जन-जन तक पहुँचाया जायेगा। जन सहभागिता से एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जन सेवा के विभिन्न प्रकार के सेवा प्रकल्प संचालित होंगे। साथ ही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुँचाने के प्रयास होंगे।

इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से आशीर्वाद का दिया के साथ होगी जिसमें प्रमुख एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों पर दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम होंगे। साथ ही इसमें सभी ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकायों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों सहित आमजन की सक्रिय भागीदारी रहेगी। विशेषकर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों की सहभागिता रहेगी।

कलेक्टर वर्मा ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की पूर्व तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर प्रभावी मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों से भी बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर को आर्शीवाद का दिया कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश में दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में शाम 7 बजे एकसाथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। 

सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम में 19 से 26 सितम्बर तक जिलास्तर पर और 4 व 5 अक्टूबर को राज्यस्तर पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें सभी शासकीय और निजी स्कूल, कॉलेज भागीदारी करेंगे। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार और मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। 

नमो सेवा-अनकही कहानियां गतिविधि 19 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक होगी, जिसके अंतर्गत समस्त विकासखंड मुख्यालय, नगरीय निकायों में चयनित स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन, सभी कॉलेज और स्कूल में संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां एवं सभी ग्राम पंचायतों में स्थानीय कला मंडलियों द्वारा प्रस्तुति होगी। 25 सिंतबर को जिला मुख्यालय पर विशेष मंचन किया जायेगा। 

आंगन मिलन सेवा का आयोजन 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ियों में होगा। इसके अंतर्गत बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल सामग्री, पठन सामग्री आदि की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री जी की अपील का वीडियो भी आंगनवाड़ी में महिलाओं और बच्चों को दिखाया जाएगा। आंगन मिलन सेवा में मातृ संवाद, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहायकों, तथा आशा दीदी एवं सहायिका का सम्मान, लाभार्थी महिला का सम्मान एवं उनके अनुभव एवं सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। 

सेवा की कहानी कार्यक्रम 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक होगा। इसके अंतर्गत केन्द्र/राज्य सरकार की योजनाओं से जिन हितग्राहियों का जीवन बदला है, आभार स्वरूप उनके संदेश जारी किए जाएंगे। 

सेवा ज्योति कलश यात्रा 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। इसके अंतर्गत जिला विकास पुस्तिकाओं का वितरण और जिले में हुई विकास गतिविधियों पर चर्चा होगी। 

बड़नगर (गुजरात)-वाराणसी सेवा यात्रा की अवधि 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक रहेगी। प्रदेश के जिलों से यह यात्रा गुजरेगी। 

सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक होगा। जिसके अंतर्गत समाज के सभी वर्गों और संस्थाओं की सहभागिता से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। 

सेवा सेतु अभियान 2 से 10 अक्टूबर तक होगा। कार्यक्रम में विकास खण्ड स्तर पर और नगरीय निकायों में जोन वार शिविरों का आयोजन किया जाएगा। केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के हितलाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम से जनविश्वास अभियान को भी जोड़ा जाएगा। 

सेवा के रंग राष्ट्र के संग कार्यक्रम में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में 9 और 10 अक्टूबर को बड़े पैमाने पर जनसहभागिता से ह्युमन रंगोली का निर्माण किया जाएगा। 

सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम 12 अक्टूबर को होगा। जिसमें इन्क्यूबेटर्स, स्टार्टअप लीडर्स और इनोवेटर्स सहभागिता करेंगे। 

सुशासन सेवा संवाद का कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर 17 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के पंच-सरपंच शामिल होंगे। 

25 साल-25 कहानियां के अंतर्गत जिले में गणमान्य नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग के परिवारों को केन्द्र सरकार से प्राप्त होने वाली किट्स भेंट की जाएंगी एवं विकसित भारत संकल्प यात्रा इन्फ्लूऐंसर एक्सचेंज कार्यक्रम के अंतर्गत अन्य राज्यों के सोशल मीडिया के इन्फ्लूऐंसर्स जिले का भ्रमण करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म