महिला आयोग की बेंच सोमवार को शिवपुरी मेंः पीड़ित महिलाओं की शिकायतों की होगी सीधी सुनवाई - Shivpuri

सर्किट हाउस में लगेगी जनसुनवाई

शिवपुरी - महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिवपुरी में राष्ट्रीय महिला आयोग एवं राज्य महिला आयोग द्वारा विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। 

28 सितम्बर 2026 (सोमवार) को प्रातः 10 बजे से सर्किट हाउस शिवपुरी में आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर मुख्य रूप से उपस्थित रहकर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों की सीधी सुनवाई करेंगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि इस विशेष जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना तथा संबंधित मामलों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु प्रभावी हस्तक्षेप सुनिश्चित करना है। शिविर में महिला प्रताड़ना, दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, दुष्कर्म, यौन शोषण तथा कार्यस्थल पर होने वाले उत्पीड़न से संबंधित विभिन्न मामलों की सीधी सुनवाई की जाएगी।

प्रशासनिक तैयारियां एवं अधिकारियों की मौजूदगी

महिला आयोग की इस जनसुनवाई के सुचारू संचालन हेतु जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान जिला स्तर के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस-प्रशासनिक अमला तथा कानूनी विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे, ताकि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके।

पीड़ित महिलाओं से जनसुनवाई में पहुंचने की अपील

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन ने जिले की समस्त पीड़ित एवं प्रभावित महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी समस्या, आवेदन तथा उपलब्ध संबंधित दस्तावेजों के साथ सोमवार को निर्धारित समय पर सर्किट हाउस शिवपुरी पहुंचकर जनसुनवाई का लाभ उठाएं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म