रेडक्रॉस से दो आवेदकों को तत्काल 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
शिवपुरी - जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक मंगलवार की जनसुनवाई में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सैकड़ों आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही त्वरित निराकरण किया, वहीं शेष आवेदनों के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
गंभीर बीमारी से पीड़ित आवेदकों को मिली त्वरित राहत:-
जनसुनवाई में शिवपुरी निवासी श्रीमती कमलेश मंगल ने आवेदन देकर बताया कि वे बीमारी से ग्रस्त हैं। इलाज में आ रही आर्थिक तंगी को देखते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने तत्काल रेडक्रॉस मद से ₹10,000 की आर्थिक सहायता स्वीकृत की।
इसी प्रकार, ग्राम उमरीकलां (तहसील पिछोर) निवासी सूरजभान लोधी ने हृदय रोग के इलाज हेतु आर्थिक सहायता का आवेदन प्रस्तुत किया कलेक्टर वर्मा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें भी तत्काल रेडक्रॉस से ₹10,000 की आर्थिक सहायता का चैक प्रदान कर राहत पहुंचाई।
समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण के निर्देश:-
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।
Tags
Shivpuri